होरा बांगर नई बस्ती में प्रतियोगी छात्र का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद, सुसाइड नोट और नशे से जुड़ी सामग्री मिली

2.5kViews
1976 Shares

थाना क्षेत्र के होरा बांगर नई बस्ती में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय छात्र जीतू यादव का शव उसके किराए के मकान के हॉल में फंदे से लटकता हुआ मिला। जीतू यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

बताया गया कि सुबह काफी देर तक फोन कॉल रिसीव न होने पर उसके दोस्तों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। वे जब उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने पर जीतू का शव फंदे से लटका मिला।

मृतक के पिता जयवीर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और गांव में रहते हैं। वहीं मृतक के बड़े भाई पुष्पेंद्र सिंह ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जीतू मानसिक रूप से परेशान नहीं था और अपने भविष्य को लेकर गंभीर था।

घटना की सूचना पर बिठूर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से नशे से संबंधित कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं। इसके अलावा मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *