भागलपुर–मंदार हिल रेल खंड पर शुक्रवार की संध्या एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। संझा रेलवे हाल्ट के समीप रेल पटरी का पेंडुल क्लिप खुल जाने से पटरी असामान्य रूप से टेढ़ी हो गई थी। समय रहते एक सतर्क ग्रामीण की नजर इस पर पड़ गई और उसकी तत्परता से रेलवे प्रशासन को सूचना मिल सकी, जिससे संभावित हादसे को टाल लिया गया।
घटना के समय ग्रामीण अपने गांव लौट रहे थे। बाइक सवार एक ग्रामीण ने देखा कि रेल पटरी सामान्य नहीं है और उसमें टेढ़ापन दिखाई दे रहा है। पास जाकर जांच करने पर पता चला कि पटरी का पेंडुल क्लिप खुला हुआ है, जिससे ट्रेन गुजरने पर गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
ग्रामीण ने बिना देर किए धौनी रेलवे स्टेशन मास्टर संतोष भगत को फोन कर इसकी सूचना दी। रेलवे प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक की मरम्मत शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यह सूचना नहीं दी जाती तो किसी भी ट्रेन के गुजरने पर बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और नियमित निरीक्षण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


