मेवात में अंगूठा तो लग रहा है फिर राशन क्यों नहीं मिल रहा? 2 महीने से राशन डिपो तक दौड़ लगाकर लौट रहे लोग
पिनगवां के खेड़ली कलां गांव में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पिछले दो माह से राशन नहीं मिल पाने से उपभोक्ताओं में भारी रोष है। सरकार की महत्वाकांक्षी राशन वितरण योजना यहां जमीनी स्तर पर पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है।
हालात ऐसे हैं कि उपभोक्ता दो माह से राशन के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ग्रामीण सचिन, ओमबीर, सूरजपाल, सुंदर सहित दर्जनों लोगों ने कहा कि वे नियमित रूप से राशन डिपो पर पहुंचकर वितरण मशीन में अंगूठा लगवा चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें अनाज नहीं दिया गया।
उपभोक्ताओं के अनुसार मशीन में अंगूठा लगने के बाद भी राशन न मिलना गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है। गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की परेशानी और बढ़ गई है। जिससे सरकार की छवि लगातार खराब हो रही है।
गांव खेड़ली कलां में दो राशन डिपो संचालित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि डिपो धारक हाजी करार हुसैन द्वारा लगातार और नियमित रूप से पूरा राशन वितरण किया जा रहा है। जबकि उमर मोहम्मद के डिपो से उपभोक्ताओं को बीते दो माह से राशन नहीं मिल रहा।
संबंधित डिपो धारक का दावा है कि उसे विभाग की ओर से पूरा राशन ही नहीं मिल पा रहा, जिस कारण वह वितरण करने में असमर्थ है। हालांकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत के बिना राशन में गडबड़ी संभव नहीं है।
इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, ना ही उपभोक्ताओं को उनका हक दिलाया गया। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन करने को भी मजबूर होंगे।


