आंखों पर काला चश्मा-हाथ में फाइल, ‘स्पेशल 26’ फिल्म की तरह बना फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर; फिर कैसे पकड़ा गया आरोपी?

2.8kViews
1062 Shares

 गुजरात के सूरत से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर एक कपड़ा व्यापारी के घर छापा मारा और उससे पैसे वसूलने की कोशिश की।

फर्जी अधिकारी बने इस शख्स की कोशिश कामयाब नहीं हो पाई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना वराछा पुलिस थाना क्षेत्र में घटी, जहां आरोपी ने ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट की एक दुकान में घुसकर व्यापारी को डराने की कोशिश की।

फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर मारा छापा

सूट-बूट पहनकर, आंखों पर काला चश्मा लगाकर और हाथ में फाइलें लेकर यह शख्स एक अधिकारी की तरह छापा मारने गया था। आरोपी का नाम विजय सिंह चौहान है, जिसकी उम्र 51 साल है और यह राजस्थान के पाली जिले के बीजापुर का रहने वाला है।

आरोपी ने ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट की एक दुकान में घुसकर खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताया और व्यापारी के टैक्स भरने में गड़बड़ी की बात कही। आरोपी ने इस मामले को सुलझाने के लिए व्यापारी से 30 लाख रुपये की मांग की और भाव-तौल के बाद चार लाख रुपये पर आकर बात थमी।

पुलिस ने रंगे हाथों पर पकड़ा आरोपी

व्यापारी को जैसे ही उस व्यक्ति के व्यवहार पर संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचित कर दिया। वराछा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर आरबी गोजिया ने बताया कि आरोपी ने फाइलों को जोर से मेज पर पटककर और आक्रामक लहजे में बोलना शुरू किया और रेड डालने के अधिकार की बात कही।

इंस्पेक्टर ने बतया, ‘उसके व्यवहार और बातचीत में विरोधाभासों से संदेह पैदा हुआ। व्यापारी ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।’

आरोपी ने कपड़ा व्यापारी को ब्लिस होटल में पैसे देने के लिए बुलाया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने जाल बिछाया और उसे होटल में रंगे हाथों पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *