आगरा में पारा 46 डिग्री पार, डीएम ने दिए भीषण गर्मी में जिले के सभी बोर्ड के स्कूलों में छुट्टी करने के आदेश

जिले में बढ़ते तापमान और मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी हीट वेव एवं अत्यधिक गर्मी की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है।

डीएम मनीष बंसल के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, परिषदीय व सभी बोर्ड (सीबीएसई, सीआईएससीई, यूपी बोर्ड, मदरसा बोर्ड आदि) से मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा एक से 12 तक के लिए एक सप्ताह का अवकाश घोषित किया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र शेख्र और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड के आदेशानुसार 21 मई से आगामी एक सप्ताह तक कक्षाओं का संचालन पूर्ण रूप से स्थगित रहेगा। डीएम ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

जारी आदेश में सभी स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भी स्कूल में आदेश के बावजूद कक्षाएं संचालित पाई जाती हैं तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं विद्यालय प्रशासन की होगी।

शिक्षकों और कर्मचारियों की परेशानी, राहत की मांग

भीषण गर्मी के कारण जहां विद्यार्थियों को राहत मिल गई है, वहीं अधिकांश स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और कर्मचारी परेशान हैं क्योंकि स्कूलों में ग्रीष्म अवकाश होने के बाद भी अधिकांश स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों को सुबह से दोपहर तक पूरे समय के लिए बुलाया जा रहा है। बिना शैक्षणिक व अन्य कार्य के भी गर्मी में आने-जाने को मजबूर हैं।

नाम न बताने की शर्त पर उन्होंने बताया कि इस स्थिति के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और कुछ लोगों की तबीयत भी बिगड़ चुकी है। स्कूल प्रबंधन वेतन संबंधी दबाव बनाकर इस तरह उपस्थिति सुनिश्चित करवा रहा है, जिससे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न जैसी स्थिति बन रही है।

शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रशासन से इस व्यवस्था पर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और उन्हें अनावश्यक रूप से बुलाए जाने पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि उन्हें भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *