हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बटहेड़ा हेड पर सतलुज-यमुना लिंक नहर के ऊपर बने लोहे के पुल को पेंट करने के दौरान दो युवक नहर में गिर गए और तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे में डूबे युवक जिला अंबाला के गांव भूनी निवासी गुरविंद्र सिंह और सागर बताए जा रहे हैं। दोनों अपने साथी सोहेल और अन्य मजदूरों के साथ पुल पर पेंट का काम कर रहे थे। काम के दौरान नहर के ऊपर शटरिंग लगाकर पेंटिंग की जा रही थी। इसी बीच अचानक शटरिंग का एक पाइप खुल गया, जिससे सागर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा गिरा।
सागर को बचाने के प्रयास में गुरविंद्र भी नहर में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों युवक बह गए। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम को बुलाकर नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। लेकिन अब तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सतलुज-यमुना लिंक नहर का बहाव बेहद तेज रहता है और इसमें गिरने के बाद किसी का बचना मुश्किल होता है। यही कारण है कि गोताखोरों को भी तलाश में कठिनाई हो रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है। मजदूरों से पूछताछ की जा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। प्रशासन ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही है।
गांव भूनी में इस घटना की खबर पहुंचते ही मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों युवकों को खोजा जाए और परिवार को उचित सहायता दी जाए।


