थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव उबारपुर में क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद रविवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दस नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
लाठी-डंडों से मारपीट के बाद हुआ पथराव
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव प्रधान सुभाष चंद ने सूचना दी कि गांव के दादा विधिचंद मंदिर के पास स्थित मैदान में क्रिकेट खेलने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया है। इसके कुछ देर बाद शाम करीब छह बजे गांव के लौहार चौक स्थित एक मकान के पास दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट व पथराव शुरू हो गया।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो लौहार चौक पर भारी भीड़ जमा थी। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। इस दौरान संजय, गोपाल, अजय, विजय, कृष्ण तथा दूसरे पक्ष के सीमर, मुजाहिद, अनस, फुरकान, सोनू सहित कुछ अज्ञात लोग मारपीट और पथराव कर रहे थे।
झगड़े के दौरान पास में सब्जी बेच रही कौशर नामक महिला पथराव की चपेट में आकर घायल हो गई, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने बात नहीं मानी।


