जिला पुलिस की ओर से सोमवार को आपरेशन प्रहार-2 के तहत विभिन्न मुकदमों में नामजद 34 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें वांछित भी शामिल हैं। जिले में सोमवार को पुलिस की 64 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में रेड की।
यह कार्रवाई डीआईजी एएनटीएफ एंड कमांडो एसके रामपाल की निगरानी और एसएसपी अभिमन्यू राणा के नेतृत्व में की गई। एसएसपी के मुताबिक जिला मुक्तसर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर रेड्स व चेकिंग की गई। वहीं जिले के हरियाणा – राजस्थान बार्डर पर भी विशेष नाकाबंदी कर चेकिंग की गई।
इस मुहिम के तहत जिला पुलिस द्वारा जिले के चारों सब-डिवीजनों मुक्तसर, मलोट, गिद्दड़बाहा और लंबी में मनमीत सिंह ढिल्लों एसपी(डी), हरकमल कौर एसपी(एच) और समूह सब डिवीजन के डीएसपी की निगरानी में पुलिस की अलग-अलग 64 टीमें तैयार करके करीब 550 पुलिस अधिकारियों/ कर्मचारियों को तैनात किया गया।
एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि आपरेशन प्रहार के तहत इन टीमों द्वारा गैंगस्टरों, सहयोगियों, घोषित अपराधियों और शरारती तत्वों के ठिकानों पर रेड करके, ऐसे अपराधियों और उनके रिश्तेदारों के पास से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा नाकाबंदी, पैदल गश्त करके वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है। जिन व्यक्तियों के खिलाफ हीनियस क्राइम के मुकदमे दर्ज हैं और जो व्यक्ति बार-बार जुर्म करने के आदी हैं, की लगातार चेकिंग की जा रही है।
चेकिंग दौरान कोई गैर-कानूनी गतिविधि सामने आने पर या कोई आपत्तीजनक वस्तु मिलने पर संबंधित के खिलाफ कानून अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और भविष्य में भी इस मुहिम तहत कार्रवाई जारी रहेगी। इस मुहिम तहत के आज की कार्रवाई में 34 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कुछ लंबे समय से चले आ रहे भगौड़े भी शामिल हैं।
जिले के अलग-अलग मुकदमों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमों द्वारा विशेष तौर पर रेड और सर्च आपरेशन किए जा रहे हैं। आपरेशन प्रहार-2 अधीन अपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून का उल्लंघना करने वालों को किसी भी हालात में बख्शा नहीं जाएगा।


