मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, मौसम साफ रहने से बढ़ी रौनक

2.0kViews
1917 Shares

शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहने के कारण मां वैष्णो देवी की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।  श्रद्धालु पंजीकरण कराकर परिवार सहित पूरे दिन भवन की ओर रवाना होते रहे। हालांकि वर्तमान में यात्रा में  गिरावट जारी है।

इसके बावजूद श्रद्धालुओं का यात्रा को लेकर उत्साह लगातार बना हुआ है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 12 हजार से 16 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे एवं घोड़ा सेवा जैसी सुविधाएं श्रद्धालुओं को लगातार प्रदान की जा रही हैं। यात्रा में अपेक्षाकृत कमी के चलते  श्रद्धालुओं को दिन के साथ रात्रि में भी प्राचीन गुफा से दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।  इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्राचीन गुफा में प्रवेश कर मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन किए, जबकि शेष समय श्रद्धालु दिनभर नई गुफाओं के माध्यम से दर्शन करते नजर आए।

दर्शन उपरांत श्रद्धालु भैरव घाटी की ओर रवाना होते रहे और बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगाई। भैरव घाटी पहुंचकर श्रद्धालु त्रिकूट पर्वत की चोटियों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते भी नजर आए। मां वैष्णो देवी की यात्रा पूर्ण करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा में प्रसाद व अन्य धार्मिक सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में थोड़ी बहुत रौनक बनी हुई है।   6 फरवरी  शुक्ररवार दोपहर 2 बजे तक लगभग 8000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। श्रद्धालुओं का लगातार आना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *