बोचहां विधानसभा में जलजमाव से मिलेगी राहत, समस्या के समाधान के लिए होगा टोपोग्राफी सर्वे

2.9kViews
1985 Shares

 बोचहां विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए अब टोपोग्राफी सर्वे कराया जाएगा। इस संबंध में बोचहां विधायक बेबी कुमारी ने जिले के कई पंचायतों में जलभराव की स्थिति पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

विधायक ने इस मुद्दे को जिलाधिकारी के समक्ष रखते हुए क्षेत्र में टोपोग्राफी सर्वे कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है। इसके बाद डीएम ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी के साथ ही मुशहरी और बोचहां प्रखंड के बीडीओ को निर्देश दिया है कि वे जलजमाव की समस्या के समाधान को लेकर शीघ्र ठोस कार्रवाई करें और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

बताया गया है कि बोचहां और मुशहरी प्रखंड अंतर्गत तरौरा, बड़ा जगन्नाथ, शेखपुर, शहबाजपुर सहित कई पंचायतों में हर साल बरसात के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे किसानों की फसलें खराब हो जाती हैं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान भी होता है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, टोपोग्राफी सर्वे के माध्यम से क्षेत्र की भूमि की ढलान और जल प्रवाह की दिशा का पता लगाया जाएगा। इसी आधार पर नालों और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे भविष्य में जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके।

डीएम के निर्देश के बाद संबंधित विभागों ने सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद जल्द ही आवश्यक कार्ययोजना बनाकर उसे धरातल पर उतारा जाएगा।

गौरतलब है कि इसी तरह की समस्या औराई प्रखंड की कई पंचायतों में भी बनी हुई है। हाल ही में औराई विधायक सह मंत्री रमा निषाद ने भी जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पत्र लिखकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की थी। इसके बाद वहां भी स्थल निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *