पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ यादव की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में विरोध का दौर निरंतर जारी है।
इसी कड़ी में बिहार कांग्रेस के नेता रविवार को सड़कों पर उतरे और सांसद की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला भी फूंका।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य की सरकार और उसकी प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य में बैठी संघी मानसिकता से पोषित सरकार के द्वारा बिहार की बेटियों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार को कांग्रेस कभी सहन नहीं करेगी।
बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की हर लड़ाई का नेतृत्व कांग्रेस ने किया है और आगे भी करती रहेगी।
नीट छात्रा का मामला उठा रहे थे सांसद
नेताओं ने कहा कि पूर्णिया के सांसद जो लगातार नीट छात्रा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य की सरकार पर हमलावर हैं, उनकी गिरफ्तारी निंदनीय है।
पप्पू यादव को सरकार ने नीट छात्रा कांड को दबाने के लिए गिरफ्तार किया है। कांग्रेस नेताओं ने एनडीए सरकार को निरंकुश बताते हुए कहा कि हम मांग करते हैं कि छात्रा और उसके परिवार को अविलंब न्याय मिले और ससम्मान उन्हें न्याय की लड़ाई लडऩे दिया जाएं।
नाहक राज्य की एनडीए सरकार उनके संवैधानिक अधिकारों को अपने पुलिस के जोर से दबाने का कुत्सित प्रयास ना करें।
विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और बच्ची के परिवार के साथ न्याय मिलने तक खड़े रहने की बात दोहराई। कार्यक्रम में संजीव सिंह, रौशन कुमार सिंह, कुमार आशीष, पंकज यादव, असितनाथ तिवारी, सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे।


