‘दिल्ली जाओगे…’ सवारी बिठाते ही बेहोश हो गया कैब चालक, लुटेरों ने रास्ते में लूटकर छोड़ा

1862 Shares

गुरुग्राम से दिल्ली तक के लिए कैब बुक करके सवारी बन बैठे लुटेरों ने रास्ते में नशीला पदार्थ खिलाकर ओला कैब चालक को बेहोश कर दिया और उसके बैग व रुपये लूटकर भाग गए।

फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र के अड्डा पाय के पास आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे सर्विस रोड पर गुरुवार सुबह चालक अपनी कार के अंदर बेसुध हालत में मिला। स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और लुटेरों की तलाश की जा रही है।

यह है पूरा मामला

मूल रूप से औरैया के थाना अयाना क्षेत्र के असेवा गांव का रहने वाला आकाश पुत्र ब्रज राज फ्रेंड्स कालोनी के अड्डा पाए में किराए पर रहता हैं। वह पिछले कुछ समय से गुरुग्राम में ओला टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा है।

आकाश के छोटे भाई विकास ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने पिता के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए निकला था। जब वे लोग अड्डा पाए के पास हाईवे सर्विस रोड से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़ी एक कार के देखी जिसे उन्होंने पहचान लिया।

करीब जाकर देखने पर पता चला कि आकाश बेहोशी की हालत में पड़ा है। यह देखकर पिता-पुत्र घबरा गए और तुरंत उसे कार से जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसका उपचार शुरू किया। विकास ने बताया आकाश पूरी तरह अचेत था, शाम तक उसे होश नहीं आया, जिससे स्वजन की चिंता बढ़ गई।

विकास ने बताया कि बुधवार रात आकाश ने फोन पर जानकारी दी थी कि वह गुरुग्राम से सवारी लेकर दिल्ली जा रहा है। इसके बाद देर रात तक उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। परिवार वालों को लगा कि वह काम में व्यस्त होगा, लेकिन सुबह उसकी इस हालत में मिलने से सभी के होश उड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *