हरिहरनाथ थाना क्षेत्र में विवाहिता सरिता प्रकाश की संदिग्ध मौत का मामला अब दहेज हत्या के रूप में सामने आ गया है। इस सनसनीखेज कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित और मृतका के पति सत्येंद्र कुमार को पटना के खगौल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब जांच के दौरान एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की संलिप्तता भी उजागर हुई और उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटना सोनपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-17 अंतर्गत चिड़िया बाजार (कोइरी पट्टी) की है।
मायके के दरवाजे पर फेंका शव
जानकारी के अनुसार 16 जनवरी की देर रात सरिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद अपराधियों ने उसके शव को आधी रात में मायके के दरवाजे पर फेंक दिया था।
स्वजनों के मुताबिक रात लगभग 12 बजकर 38 मिनट पर काले रंग की स्कार्पियो वहां पहुंची थी। वाहन का इंजन चालू रहा और एक व्यक्ति शव को सड़क किनारे रखकर फरार हो गया।
दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित
सुबह जब स्वजन घर से बाहर निकले तो दरवाजे पर सरिता का शव पड़ा मिला। उसके गले पर दबाव के गहरे निशान पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
मृतका के पिता जयप्रकाश महतो ने 17 जनवरी को हरिहरनाथ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज मामले में वैशाली जिले के करताहा बुजुर्ग गांव निवासी सत्येंद्र कुमार समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों को नामजद किया गया है। स्वजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही सरिता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी कारण उसकी हत्या की गई।
पुलिस का स्टीकर लगे स्कॉर्पियो से लाया शव
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब स्वजनों ने बताया कि जिस स्कॉर्पियो से शव लाया गया था, उस पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना में तैनात पुलिस सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एक पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
हरिहरनाथ थानाध्यक्ष विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो महिला आरोपित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड से जुड़ी साजिश की पूरी परतें जल्द उजागर की जाएंगी।


