रायबरेली में तीन बस स्टेशनों पर बनेंगे चार्जिंग प्वाइंट, ई-बस संचालन को मिलेगा बढ़ावा
परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया जा रहा है। परिवहन निगम के रायबरेली डिपो, लालगंज एवं बछरावां बस स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए आधुनिक चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके निर्माण के बाद न सिर्फ जिले की ई-बसों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बाहर के डिपो से आने-जाने वाली इलेक्ट्रिक बसें भी यहां चार्ज की जा सकेंगी।
परिवहन निगम डिपो में 173 डीजल बसें संचालित हैं। अब डिपो समेत तीन बस स्टेशनों पर 480-480 किलोवाट क्षमता के इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। प्रति बस स्टेशन में 240-240 किलोवाट क्षमता के दो-दो चार्जिंग प्वाइंट बनेंगे। जिन प्वाइंटों में पांच-पांच बसें एक साथ दोनों प्वाइंटो से चार्ज की जा सकेंगी।
एक बस को चार्ज करने में तकरीबन 30 मिनट लगेंगे। परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया जा रहा है। ई-वाहन नीति के तहत चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है।
जिले के तीन प्रमुख बस स्टेशनों को इसलिए चुना गया है ताकि जिले के भीतर और बाहर से आने वाली बसों को सुचारु संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। चार्जिंग प्वाइंट बनने से यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी, साथ ही डीजल बसों की तुलना में संचालन लागत भी कम होगी। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह का कहना है कि रायबरेली डिपो में 480 किलोवाट क्षमता का इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट सबसे पहले बनेगा, जिसके लिए स्थल चयनित करके रिपोर्ट अधिकारियों से मांगी गई है।
जिन्होंने बताया कि जिले के बाद बछरावां व लालगंज बस स्टेशन पर भी इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने हेतु प्रस्तावित है। जहां पर चार्जिंग प्वाइंट बनने के बाद बसों का संचालन शुरु की जा सकेंगी।
ये हैं बसें प्रस्तावित
पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी के अनुसार कानपुर से रायबरेली के लिए 15 इलेक्ट्रिक बसें, लखनऊ से रायबरेली 40 इलेक्ट्रिक बसें पहले से संचालन के लिए प्रस्तावित हैं। जिसमें चार्जिंग प्वाइंट के न बनने से इन्हें नहीं चलाया जा रहा।
इस मार्ग पर चल रहीं है बसें
प्रयागराज डिपो की छह इलेक्ट्रिक बसें लखनऊ से प्रयागराज मार्ग पर संचालित प्रतिदिन हो रही हैं। लेकिन ये बसें डिपो न आकर सीधे आ जा रही हैं। इससे ऊंचाहार, जगतपुर, दरियापुर, रायबरेली, गंगागंज, हरचंदपुर, बछरावां मार्ग से आने जाने वाले यात्रियों का आना जाना हो रहा है।


