सॉफ्टवेयर इंजीनियर संदीप रौतेला ने बनाया ‘रक्तवाहिनी’ एप, जरूरतमंदों तक पहुंचेगा समय पर रक्त
देहरादून के एक अस्पताल में अपने बीमार बेटे के लिए रक्त की तलाश में भटकते पिता को देखकर सतपुली के सॉफ्टवेयर इंजीनियर संदीप रौतेला का दिल पसीज गया। इस घटना ने उन्हें प्रेरित किया और उन्होंने रक्तवाहिनी नामक एप विकसित करने का निर्णय लिया।
इस एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने आसपास के रक्तदाताओं से तुरंत संपर्क कर सकता है। एप पर सभी ब्लड ग्रुप्स के रक्तदाता आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।
संदीप ने बताया कि कुछ साल पहले वह किसी स्वजन के इलाज के लिए देहरादून के एक अस्पताल गए थे। वहीं उन्हें एक व्यक्ति मिला, जो अपने बेटे की जिंदगी बचाने के लिए रक्त की व्यवस्था में भटक रहा था। वह फोन पर कई परिचितों से भी मदद मांग चुका था, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला।
तत्पश्चात संदीप ने अपने एक मित्र को फोन कर रक्त की व्यवस्था करवाई। यह अनुभव उनके लिए बहुत ही झकझोरने वाला साबित हुआ। उन्होंने ठान लिया कि अब वह हर मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद करेंगे, और इसी उद्देश्य से उन्होंने ‘रक्तवाहिनी’ एप तैयार किया।


