गोपालगंज में रील बनाने के चक्कर में गई युवक की जान, ट्रैक्टर की चपेट में आने से 2 अन्य जख्मी
जादोपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के समीप मंगलवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक जख्मी हो गए।
हादसे के बाद जख्मी युवकों को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बाइक सवार तीनों युवक रील बनाने के चक्कर में अपने घर से बाइक पर सवार होकर दियारा की तरफ गए थे।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के नया टोला हरपुर गांव निवासी पिंटू सहनी का पुत्र अखिलेश कुमार, इंद्रजीत राम का पुत्र आकाश कुमार व मोतीलाल सहनी का पुत्र कृष कुमार एक बाइक पर सवार होकर दियारा की तरफ रील बनाने के लिए गए थे।
इस दौरान दियारा पहुंचने के साथ ही आकाश कुमार के घर से फोन कर बुलाया गया। इस दौरान तीनों युवक बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
वहीं बाइक सवार युवक जैसे ही रामनगर गांव के समीप पहुंचे की दियारा से अवैध खनन कर मिट्टी की कटाई कर व ढुलाई करने वाली एक ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए।
इस हादसे में तीनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अपनी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।


