ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की पहल अब धरातल पर असर दिखाने लगी है। प्रखंड की सभी 14 पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर का विधिवत संचालन किया जा रहा है, जिससे पंचायत स्तर पर ही आम लोगों को जरूरी प्रमाण पत्र आसानी से मिल रहे हैं।
प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रोहिणी कुमारी ने बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर पूरी तरह से सक्रिय हैं। पंचायत के लोग अपने ही पंचायत में जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र सहित आरटीपीएस से जुड़ी अन्य सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए अब प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि आरटीपीएस काउंटर के संचालन को लेकर नियमित रूप से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो और अधिक से अधिक लोगों को समय पर लाभ मिल सके। प्रत्येक पंचायत में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू ढंग से चले।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आरटीपीएस काउंटर का संचालन ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है। इससे न सिर्फ समय और पैसे की बचत हो रही है, बल्कि बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के ग्रामीणों को भी काफी सहूलियत मिल रही है।


