Yogendra Bhadoria की आतिशी पारी, भारत ने इंग्लैंड को रौंदकर सीरीज में बनाई बढ़त
भारत और इंग्लैंड की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम के बीच गुरुवार से 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज हुआ। भारतीय टीम ने इस सीरीज की जीत के साथ शुरुआत की। ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
इंग्लैंड ने बनाए 173 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 173 रन बनाए। इंग्लैंड के कप्तान कैलम फ्लिन ने 16 गेंदों में 26 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, जबकि लियान ओ ब्रायन ने 41 गेंदों में 55 रनों की पारी खेलते हुए टीम को संभाला। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए।
ग्रांट ने पहुंचाया 170 के पार
विकेटकीपर बल्लेबाज एंगस ग्रांट ब्राउन ने अंतिम ओवरों में रन गति को बढ़ाया और 34 गेंदों में 53 रन ठोक दिए। इससे इंग्लैंड टीम का स्कोर 170 रन के पार पहुंच गया। भारत की ओर से गेंदबाज आकाश सिंह और विवेक कुमार ने महत्वपूर्ण विकेट झटकते हुए इंग्लैंड को बड़ी साझेदारियां बनाने से रोका और लक्ष्य को काबू में रखा।
भारत ने 7 गेंद पहले जीता मैच
जवाब में भारत संयमित बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत के नायक विकेटकीपर बल्लेबाज योगेंद्र भडोरिया रहे। उन्होंने 59 गेंदों में शानदार 94 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल थे, जिसने रनचेज को मजबूती और गति प्रदान की। योगेंद्र भडोरिया को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
योगेंद्र को आकाश सिंह का भरपूर साथ मिला, जिन्होंने मात्र 15 गेंदों में तेजतर्रार 36 रन बनाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। अर्जुन गावरे ने 13 रन जोड़े, जबकि माजिद (12 नाबाद) और कप्तान रविंद्र सांते (11 नाबाद) ने बिना किसी और नुकसान के भारत को जीत दिलाई।
मैच के बाद योगेंद्र भडोरिया ने कहा कि, “यह पुरस्कार मेरे लिए बहुत मायने रखता है, लेकिन असल में यह पूरी टीम का है। हमने आत्मविश्वास के साथ खेला और ऐसी सीरीज में योगदान देना खास है, जो समावेशन और समान अवसर का प्रतीक है।” इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1–0 की बढ़त बना ली है। यह सीरीज शारीरिक, श्रवण और बौद्धिक दिव्यांग खिलाड़ियों को एक साथ एक इंटरनेशनल फॉर्मेट में लाकर समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेली जा रही है।


