अक्सर स्टार्स फिल्मों में अपने सींस को रियल बनाने के लिए क्या कुछ नहीं करते हैं। कभी वह सीन में इमोशन डालने के लिए सच में रो देते हैं, तो कभी वह स्टंट्स करने के लिए बॉडी डबल का इस्तेमाल करने से साफ इनकार कर देते हैं।
हालांकि, हॉलीवुड का एक ऐसा स्टार है, जिसने एक सीन को रियल बनाने के लिए कुछ ऐसा किया, जिससे सेट पर अफरा-तफरी मच गई। ये स्टार कोई और नहीं, बल्कि 51 साल के लियोनार्डो डिकैप्रियो हैं, जिन्होंने असली खून के साथ तब तक शूट किया, जब तक सीन पूरा नहीं हो गया। कौन सी फिल्म में उन्होंने कैमरे के सामने बहाया खून, नीचे विस्तार से पढ़ें किस्सा:
बहता रहा खून डिकैप्रियो ने नहीं छोड़ा सीन
दिग्गज स्टार लियोनार्डो डिकैप्रियो से जुड़ा ये किस्सा साल 2012 का है, जब वह फिल्म डीजैंगो अनचेन्ड (Django Unchained) की शूटिंग कर रहे थे। आईएमडीबी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डिकैप्रियो का फिल्म में एक सीन था, जिसमें उन्हें अपना हाथ तेज से टेबल पर पटकना था। मुख्य टेबल सीन शूट करने के दौरान लियोनार्डो डिकैप्रियो ने अपना हाथ इतनी तेज से टेबल पर मारा कि उनका हाथ सीधा एक क्रिस्टल ग्लास पर लग गया।
क्रिस्टल का ग्लास लगने से एक्टर का हाथ पर गहरी चोट लगी और काफी खून बहा। लगातार खून बहने के बावजूद भी डिकैप्रियो ने शूटिंग रोकने से मना कर दिया। खून से लथपथ हाथ के साथ ही उन्होंने 4 मिनट का लंबा मोनोलॉग बोला और कैरेक्टर में रहते हुए उन्होंने अपनी हथेली से वह कांच का टुकड़ा भी निकाला, जो निर्देशक ने शूट भी किया।


