कुशीनगर जिले के पटहेरवा क्षेत्र में दो सगी बहनों के लापता होने से सनसनी फैल गई है। बीते शनिवार को दोनों बहनें कॉलेज गई थीं लेकिन घर नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः मां ने पुलिस को सूचना देकर मदद की गुहार लगाई।
लापता बहनें 12वीं और बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्राएं हैं। चर्चा है कि वे अपने कागजात और नकदी भी साथ ले गई हैं। पिता विदेश में रहते हैं, जबकि घर पर मां और भाई हैं। थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
साइबर ठगी का मामला
इसी क्षेत्र में एक अन्य घटना में शराब भट्ठी के मुनीब से डेढ़ लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। मंगलवार शाम को पटहेरिया-समउर मार्ग स्थित कंपोजिट दुकान के मुनीब प्रदीप गुप्ता के मोबाइल पर मैसेंजर से कॉल आया। व्यस्तता के कारण उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया, लेकिन उसी नंबर से दोबारा व्हाट्सएप कॉल आने पर उन्होंने कॉल उठा लिया। इसके बाद ठग ने उन्हें झांसे में लेकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली।
मुनीब ने घटना की जानकारी थाने में दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


