हरिद्वार बैरागी कैंप में टेंट गोदाम में भीषण आग, दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार
धर्मनगरी हरिद्वार के बैरागी कैंप क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का घना गुबार तीन से चार किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
करीब 12 बजे बैरागी कैंप स्थित प्रकाश टेंट के गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में गोदाम के भीतर आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने लपटें देख शोर मचाया और आसपास के लोगों को सतर्क किया।
गोदाम में भारी मात्रा में कपड़ा, गद्दे, बांस, प्लास्टिक और अन्य टेंट सामग्री रखी हुई थी। ये सभी अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण आग के लिए ईंधन साबित हुए और आग तेजी से फैल गई।


