बाहरी दिल्ली की शर्मा कॉलोनी के निवासियों को लंबे समय से परेशान कर रहे जलजमाव से अब काफी हद तक राहत मिल गई है। हालांकि, इसी कॉलोनी से सटे अगर इन्क्लेव क्षेत्र में पानी का स्तर बढ़ने से वहां के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मैदान में जमा पानी धीरे-धीरे इन्क्लेव की ओर बढ़ रहा है। इस स्थिति ने लोगों की धड़कनें तेज कर दी हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं यह पानी उनके आवासीय क्षेत्र तक न पहुंच जाए।
पानी से भरे मैदान की लेवलिंग के लिए प्रशासन की ओर से लगातार लैंडफिल साइट का कचरा और निष्क्रिय मिट्टी (इनर्ट) डाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पानी के फैलाव को रोकने और जमीन को समतल करने के लिए उठाया गया है।
फिलहाल पानी अभी आवासीय क्षेत्र से दूर है, लेकिन खाली मैदान में जमा पानी को लेकर लोग चिंतित हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हालात बिगड़ सकते हैं।


