नगर थाना क्षेत्र के हरपुर नया टोला में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता का शव उसके ही कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका एक माह की गर्भवती थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया। आरोपों के आधार पर पुलिस ने नवविवाहिता के पति को हिरासत में ले लिया है।
शादी को बीते थे आठ महीने जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के हकाम गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद की पुत्री आरती देवी की शादी 22 मई 2025 को हरपुर नया टोला निवासी मनीष पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद आरती देवी गर्भवती भी हो गई थी।
मंगलवार को घर में किसी तरह का विवाद नहीं था और सभी लोग अपने-अपने काम पर निकल गए थे। इसी बीच यह घटना सामने आई, जिसने पूरे परिवार और गांव को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


