मैनाठेर क्षेत्र के गांव रुस्तम सराय में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। रविवार दोपहर मां के साथ बरसिम काटने गई छह वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्ची के सिर की खाल खींच ली गई और शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए।
जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां उस समय बगिया में बेर तोड़ रही थी। तभी कुत्तों ने बच्ची को निशाना बनाया। बच्ची की चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े और डंडों से कुत्तों को खदेड़ा। तब तक बच्ची के सिर और शरीर पर करीब 20 जगह चोटें आ चुकी थीं।
इलाज और स्थिति परिजन तुरंत घायल बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने टिटनेस, एआरवी और सीरम का इंजेक्शन लगाया और गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
गांव में दहशत का माहौल इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने छोटे बच्चों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन को इस पर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।


