धौलादेवी विकासखंड के आरतोला गांव में सोमवार रात एक परचून और सस्ते गल्ले की दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आरतोला निवासी जीवन सिंह गांव में परचून और सस्ते गल्ले की दुकान चलाते हैं। सोमवार शाम रोज की तरह दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रात करीब नौ बजे दुकान के पास रहने वाले ग्रामीणों ने धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत दुकान स्वामी को सूचना दी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर बुला लिया।
ग्रामीणों की मदद से आग बुझा दी गई, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान और नकदी जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना से जीवन सिंह के परिवार पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा है।


