नवगछिया के बाबा विशु रावत पुल पर भीषण सड़क हादसा, दो महिलाओं की मौत, छह घायल

बुधवार की सुबह नवगछिया के बाबा विशु रावत पुल पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पटना से मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे मजदूरों से भरी पिकअप (407) को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बाहर निकालकर अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया। राहत कार्य में एसआई (टी) महेश कुमार राय, राहुल राज, सुनील कुमार और चालक संजय यादव की अहम भूमिका रही।

छह लोग घायल, चार की हालत गंभीर

हादसे में पांचो चौधरी, फुदनी चौधरी, मनोज यादव, शोभा देवी, चंपा देवी और बेचनी देवी घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है।

इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत

इलाज के दौरान संजो देवी और कारी देवी की मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *