भैंसाली बस अड्डे से सवारियां भरकर दिल्ली बॉर्डर तक ले जाने वाली फर्जी रोडवेज बस को सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने पकड़ लिया। पुलिस ने बस मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, निजी बस को रोडवेज जैसी पेंटिंग और रंग-रूप देकर यात्रियों को भ्रमित किया जाता था। सवारियों को यह विश्वास दिलाया जाता कि वे रोडवेज की बस में सफर कर रहे हैं, जबकि उन्हें दिल्ली बॉर्डर पर उतार दिया जाता था।
जांच में सामने आया कि इस बस पर पहले ही 114 चालान हो चुके हैं, इसके बावजूद यह लगातार सड़क पर दौड़ रही थी। सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि भैंसाली बस अड्डे के पास से यह बस यात्रियों को बैठाकर दिल्ली बॉर्डर की ओर जा रही थी, तभी कार्रवाई कर इसे पकड़ लिया गया।
बस को गाजियाबाद निवासी कालू चला रहा था, जबकि इसका मालिक गाजियाबाद का अनूप सिंह उर्फ भूरा है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और चालक कालू को हिरासत में ले लिया।


