शिलाई विधानसभा क्षेत्र में ढांग से गिरकर युवक की मौत, यूपी का रहने वाला था मृतक
जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के एक युवक की ढांग में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक उत्तर प्रदेश का निवासी था और शिलाई क्षेत्र में इत्र बेचने के लिए अक्सर आया करता था।
घटना की सूचना बुधवार देर शाम पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय युवकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद रात के समय शव को गहरी खाई से बाहर निकाला गया और पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए मृतक के शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक की पहचान 35 वर्षीय शिव कुमार पुत्र कप्तान सिंह के रूप में हुई है, जो गांव रमपुरा (छबारापुर), तहसील व जिला इटावा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


