रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को घोषणा की कि बंगाल और असम से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए जल्द ही नौ नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें परिचालन में आएंगी। उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल पर इन ट्रेनों के शुरुआती और अंतिम स्टेशनों की जानकारी साझा की।
वैष्णव ने बताया कि नई ट्रेनें बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों को बंगाल और असम से जोड़ेंगी।
नए रूट
नई सेवाओं में शामिल ट्रेनें निम्नलिखित मार्गों को कनेक्ट करेंगी:
-
गुवाहाटी (कामाख्या) – रोहतक
-
डिब्रूगढ़ – लखनऊ (गोमती नगर)
-
न्यू जलपाईगुड़ी – नगरकोइल
-
न्यू जलपाईगुड़ी – तिरुचिरापल्ली
-
अलीपुरद्वार – एसएमवीटी बेंगलुरु
-
अलीपुरद्वार – मुंबई (पनवेल)
-
कोलकाता (संतरागाछी) – तंबरम
-
कोलकाता (हावड़ा) – आनंद विहार टर्मिनल
-
कोलकाता (सियालदह) – बनारस
मंत्रालय की जानकारी
रेल मंत्रालय ने कहा कि किफायती लंबी दूरी की कनेक्टिविटी बढ़ाने के निरंतर प्रयासों के तहत इन नौ अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। दिसंबर 2023 से 30 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें पहले ही परिचालन में हैं और केवल एक सप्ताह के भीतर नौ नई सेवाएं जोड़ी जाएंगी।
नई ट्रेन सेवाएं पूर्वी और उप-हिमालयी क्षेत्रों से दक्षिण, पश्चिम और मध्य भारत के प्रमुख गंतव्यों तक रेल संपर्क का विस्तार करेंगी।
यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं
नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के कोच में यात्रियों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें शामिल हैं:
-
फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल और बोतल होल्डर
-
रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स
-
आरामदायक सीटें और बर्थ
-
इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक फ्लशिंग वाले आधुनिक शौचालय
-
अग्निशमन तंत्र
-
दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था
-
फास्ट चार्जिंग पॉइंट
-
पैंट्री कार जो लंबी दूरी की यात्रा को और आरामदायक बनाएगी
रेल मंत्रालय का कहना है कि यह पहल देशभर में रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

