चरस की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार तस्कर को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी नेपाल सीमा से चरस लेकर आजमगढ़ पहुंचाने की फिराक में था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर गिरोह के सरगना तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम सम्पतिहा चौकी के सामने गोरखपुर–सोनौली मार्ग पर पुलिस और एसएसबी की 66वीं वाहिनी की संयुक्त टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल सीमा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान हेमंत सिंह उर्फ टुन्नू सिंह निवासी भरतपुर, थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। जब पुलिस टीम ने कार के पीछे लगे सीएनजी सिलेंडर को खोलकर जांच की, तो उसके अंदर अलग-अलग प्लास्टिक की पन्नियों में पैक कुल 38 पैकेट चरस बरामद हुई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप नेपाल सीमा से लेकर उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों तक पहुंचाने की योजना बना रहा था।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

