सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलोरी बस्ती में खेत में लगाए गए झटका तार में अवैधानिक तरीके से बिजली करंट प्रवाहित करने से एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवानगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 मार्च 2026 को मर्ग क्रमांक 07/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामले की जांच प्रारंभ की गई। घटना स्थल एमक्यू-433, एनसीएल कॉलोनी निगाही का निरीक्षण, पंचनामा, साक्ष्य संकलन एवं गवाहों के बयान लिए गए। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतिका अंशिका उर्फ कल्पना कहार (उम्र 12 वर्ष), निवासी टीएच फोर के पास अमलोरी बस्ती, खेत में लगे झटका तार के संपर्क में आ गई थी, जिसमें अवैधानिक रूप से बिजली करंट प्रवाहित किया गया था। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
जांच में यह स्थापित हुआ कि आरोपी अमृत लाल साहू (उम्र 32 वर्ष), निवासी अमलोरी बस्ती, द्वारा जानबूझकर खेत में लगे झटका तार में अवैधानिक तरीके से बिजली करंट प्रवाहित किया गया था। आरोपी को इस बात का ज्ञान था कि इस प्रकार का कृत्य किसी की जान ले सकता है, इसके बावजूद उसने लापरवाहीपूर्वक यह कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप यह दुखद घटना हुई। उक्त तथ्यों के आधार पर नवानगर थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0055/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी का जिला चिकित्सालय बैढ़न में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन एवं सीएसपी विन्ध्यनगर श्री उमेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवानगर निरीक्षक डॉ. अनिल कुमार पटेल एवं उनकी टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, प्रधान आरक्षक बृजेन्द्र यादव, आरक्षक सरोज कुशवाहा एवं आरक्षक विकास तोमर का विशेष योगदान रहा।


