राष्ट्रीय सुरक्षा माह के तहत बस स्टेशन परिसर में बस चालकों और वाहन ऑपरेटरों की एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की गई और चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक और जागरूकता संदेशों के माध्यम से बस चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व को समझाया गया। साथ ही सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
थकान और नींद की झपकी बन सकती है हादसों की वजह
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एआरटीओ राम प्रकाश मिश्र ने कहा कि 300 किलोमीटर से अधिक लंबी दूरी की बस यात्रा के लिए ऑपरेटरों को अनिवार्य रूप से दो चालकों की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लंबी दूरी तक लगातार वाहन चलाने से चालक को थकान होती है और नींद की झपकी आने की स्थिति में गंभीर सड़क हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
एआरटीओ ने बस चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और यात्रा के दौरान सतर्कता बनाए रखें, जिससे यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। कार्यक्रम के अंत में सभी बस चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

