गुरुग्राम में चलते ऑटो में नर्सिंग छात्रा से छेड़छाड़, कूदने का प्रयास करते देखा तो लोगों ने बचाया

3.1kViews
1377 Shares

 नर्सिंग की छात्रा के साथ चलते ऑटो में छेड़छाड़ और आपत्तिजनक कमेंट करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने खुद को बचाने के लिए चलते ऑटो से कूदने का प्रयास किया, हालांकि सड़क पर खड़े कुछ लोगों ने ऑटो रुकवाकर उसे उतार लिया।

छात्रा की सूचना पर उसके कुछ जानकारों ने सिविल अस्पताल के पास ऑटो को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लिया। हालांकि, अभी तक कोई लिखित शिकायत छात्रा की तरफ से नहीं दी गई। बताया जाता है कि एक निजी इंस्टिट्यूट में नर्सिंग का कोर्स कर रही छात्रा शुक्रवार दोपहर गुरुग्राम बस स्टैंड से पटौदी चौक के नजदीक कुटिया मंदिर के पास जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थी।

पीछे की सीट पर उसके साथ सवारी के रूप में दो युवक बैठे हुए थे। दोनों युवक ऑटो ड्राइवर के साथी लग रहे थे। तीनों ने शराब पी रखी थी। छात्रा के ऑटो में बैठते ही ड्राइवर ने तेज आवाज में म्यूजिक चला दिया।

आवाज कम करने के लिए कहा तो उन्होंने विरोध किया और छेड़छाड़ की। भद्दे कमेंट भी किए। पटौदी चौक चौकी पुलिस ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की गई थी। हालांकि, तीसरे दिन भी छात्रा के परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *