प्रयागराज के करेली में अधेड़ महिला की गोली मारकर हत्या, दामाद पर लगा आरोप, कई बार दे चुका था धमकी

1439 Shares

 शहर के करेली इलाके में शुक्रवार को बड़ी वारदात हुई। अकबरपुर पुरानी मस्जिद के पास रहने वाली 52 वर्षीया आशिया खातून की शुक्रवार अपराह्न गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप दामाद मो. इरफान पर लगा है।

शिकायत के बाद भी पूर्व में पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

घरवालों का आरोप है कि आशिया खातून को उनके दामाद पहले भी कई बार धमकी दे चुका था। इसकी सूचना करेली पुलिस को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

आशिया खातून के सिर में मारी गोली

बताया जाता है कि अकबरपुर पुरानी मस्जिद के पास रहने वाली आशिया खातून शुक्रवार अपराह्न घर के पास खड़ी थीं। उसी समय लवकुश आश्रम की तरफ से इरफान आया। उसके हाथ में तमंचा था। तेजी से वह आशिया खातून के पास पहुंचा और उनके सिर में गोली मार दी। खून से लथपथ होकर वह जमीन पर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों के साथ ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। आशिया खातून की मौत हो चुकी थी। इरफान भाग चुका था।

महिला के स्वजन आक्रोशित

सूचना मिलने पर करेली पुलिस मौके पर पहुंची तो आशिया खातून के स्वजन पुलिस पर आरोप लगाने लगे। इरफान के खिलाफ पहले की गई शिकायत को नजरअंदाज करने की बात कहने लगे। पुलिस अधिकारी मृतका के नाराज स्वजन को समझाने में लगे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *