बुधवार को रुड़की उप कारागार से पेशी पर लक्सर कोर्ट लाते समय विनय त्यागी पर दो बदमाशों ने फायरिंग की थी। हरिद्वार में प्राथमिक उपचार के बाद उसे देर शाम एम्स ऋषिकेश के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो गिरोह के हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी ने 24 अप्रैल 2015 में अजय जडेजा गिरोह के प्रवीण शर्मा और राजीव टिर्री को अगवा कर लिया था। गला दबाकर हत्या करने के बाद गढ़ रोड स्थित काली नदी में शवों को फेंक दिया था। आज तक प्रवीण और राजीव के शव का पता नहीं चल पाया।
30 जनवरी 2017 में देहरादून पुलिस ने विनय को अपहरण-लूटपाट के आरोप में गिरफ्तार किया था। तब देहरादून पुलिस की पूछताछ में ही विनय ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम देना कबूला था। उसके बाद ही ब्रह्मपुरी थाने में विनय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। चार जून 2024 को विनय की गिरफ्तारी दिल्ली से की गई थी। हालांकि उससे पहले वह दुबई में छिपा हुआ था।
जागृति विहार स्थिति बिल्डिंग को विनय त्यागी ने किराए पर दिया हुआ है। किराया वसूली कर ही उसकी पत्नी खर्चा चला रही थी। विनय की बेटी फिलहाल हाई कोर्ट में अधिवक्ता है। पुलिस के रिकार्ड में सामने आया कि विनय पर विभिन्न राज्यों में 59 मुकदमे दर्ज हैं। गांव खाईखेड़ी थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर निवासी पूर्व सीएमएस सेवाराम त्यागी के बेटे विनय ने गांव छोड़कर निशी त्यागी से शादी की थी।
निशी पुरकाजी से ब्लाक प्रमुख रह चुकी हैं। विनय भी चुनाव की तैयारी कर था इसी बीच 2017 में देहरादून पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
विनय त्यागी उस समय भी चर्चा में आया था, जब 1990 में मेरठ में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में दारोगा चरण सिंह की हत्या कर पिस्टल लूट ले गया था। तब से पुलिसकर्मियों में भी विनय की दहशत बन गई थी। विनय को मेरठ में रिश्तेदारों का भी संरक्षण मिलता था। एसएसपी डा. विपिन ताडा का कहना है कि विनय के खिलाफ मेरठ में दर्ज मुकदमों में कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है।
विनय त्यागी की गर्दन और हाथ में लगी गोली निकालीं
जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल गैंगस्टर विनय त्यागी को बुधवार को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात ही उसका एम्स ऋषिकेश में आपरेशन किया गया। जिसमें उसकी गर्दन व हाथ में लगी गोली निकाली गई। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डा. श्रीलाय मोहंती ने बताया कि गोली लगने से उसकी आंतें फट गई हैं। पेट में खून जमा हो गया था। आपरेशन के बाद विनय को आइसीयू वार्ड में वेंटीलेटर पर रखा गया है।

