छिंदवाड़ा में एक साथ जन्मे चारों शिशुओं की मौत, प्रीमेच्योर डिलीवरी हुई थी, सांस नहीं ले पा रहे थे नवजात

2.0kViews
1435 Shares

 मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया, जिससे परिवार और अस्पताल में खुशी की लहर दौड़ गई थी। लेकिन यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। जन्म के कुछ ही घंटों के भीतर चारों नवजातों की मौत हो गई।

सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जुन्नारदेव में ग्राम रोरा ढेकनी माल निवासी गुनो पति जगर सिंह की डिलीवरी हुई। महिला ने तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। यह मामला चिकित्सा की भाषा में ‘सुपर प्रीमैच्योर’ बताया जा रहा है।

सातवें माह में प्रसव

डॉक्टरों के अनुसार, प्रसव गर्भ के सातवें महीने में ही हो गया था। इस कारण नवजातों के शरीर के महत्वपूर्ण अंग पूरी तरह विकसित नहीं हो पाए थे। जन्म के समय सबसे छोटे बच्चे का वजन महज 380 ग्राम था। फेफड़ों और अन्य अंगों के अपर्याप्त विकास के चलते चारों शिशु सांस नहीं ले सके और एक-एक कर दम तोड़ दिया। प्रसूता फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

खुशियां बदलीं मातम में

एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर से जहां परिवार में उत्साह और उम्मीदें जगी थीं, वहीं नवजातों की नाजुक हालत ने जल्द ही माहौल को गमगीन कर दिया। इस हृदयविदारक घटना ने समय से पहले प्रसव के गंभीर जोखिमों और ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत नवजात देखभाल सुविधाओं की कमी को एक बार फिर उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *