राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत आज अयोध्या में हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम को संबोधित भी किया। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज सिंहल जी, रामचंद्र दास महाराज तथा डालमिया को शांति मिली होगी।
मोहन भागवत ने कहा, कि आज मंदिर निर्माण की शास्त्रीय विधि से पूर्णता हुई। वह राम ध्वज लहराया, जो कभी संपूर्ण विश्व में अपने आलोक से सुख शांति प्रदान करता था। इसे फिर से नीचे से ऊपर चढ़ता हुआ और अपने शिखर पर विराजमान होता हुआ, हमने अपनी आंखों से देखा है।
प्रधानमंत्री व सरसंघचालक ने रामलला के दरबार में झुकाया शीश
इससे पहले श्रीराम मंदिर परिसर में राम दरबार पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्शन-पूजन व आरती की। यहां पुजारियों ने तीनों विशिष्टजनों को रामनामी गमछा ओढ़ाया व प्रसाद दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने विधिविधान से पूजन-अर्चन कर रामलला का भी आशीर्वाद प्राप्त किया।

