”ड्राइवर के पीछे मौत, कंडक्टर के पीछे जिंदगी…”,चश्मदीद ने बयां किया तेलंगाना बस हादसे का खौफनाक मंजर, 19 की मौत

3.3kViews
1357 Shares

 तेलंगाना में हुए एक भीषण हादसे में जीवित बचे लोगों में से एक ने बताया कि बस चालक के पीछे की सीटों पर बैठे अधिकतर यात्रियों की दुर्घटना में मौत हो गई जबकि कंडक्टर के पीछे वाली सीटों पर बैठे लोग बच गए।

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में बजरी से लदे एक ट्रक और एक बस की सोमवार को आमने-सामने की टक्कर होने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। जीवित बचे व्यक्ति ने इस भयावह घटना के बारे में बताया कि वह बस में सो रहा था तभी एक जोरदार धमाके से उसकी आंख खुली और उसने स्वयं को बजरी में आधा दबा पाया।

उसने मीडिया से कहा, ‘‘कई लोग बजरी के नीचे दब गए। ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। मैं बस के बाईं ओर बैठा था। हम तो किसी तरह बाहर निकल गए लेकिन बस चालक के पीछे बैठे लोग नहीं निकल पाए और उनमें से कुछ की मौत हो गई। मैं कंडक्टर से तीन पंक्तियां पीछे बैठा था।”

व्यक्ति ने बताया कि वह एक खिड़की खोलकर बाहर आ गया तथा उसके पीछे छह और लोग भी थे। उसने बताया कि बाद में एक अन्य व्यक्ति ने और यात्रियों को बाहर निकलने में मदद करने के लिए खिड़की के शीशे तोड़े। चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल में एक चिकित्सक ने बताया कि दुर्घटना के शिकार कई लोगों की हड्डियां टूट गई हैं और उनके चेहरे, पेट एवं पैरों में चोटें आई हैं। घायलों का इलाज जारी है और उन्हें हैदराबाद के बड़े सरकारी अस्पतालों में रेफर किया गया है।

टेलीविजन पर प्रसारित तस्वीरों में दिख रहा है कि बस का आधा हिस्सा बजरी से भर गया जिसके कारण यात्री अंदर ही फंस गए। अधिकारियों ने बस का मलबा हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान चेवेल्ला के निरीक्षक श्रीधर के पैर पर एक खुदाई मशीन चढ़ जाने से उन्हें मामूली चोटें आईं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *