बिहार में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत
झारखंड के कई इलाकों को प्रभाव में लेने के बाद मानसून ने सामान्य समय से चार से पांच दिन देरी से उत्तर प्रदेश में दस्तक दी है। बिहार में पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
यूपी में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा
सामान्यत: उत्तर प्रदेश में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। बुधवार 18 जून को सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिन में लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश की सीमा में पहुंचा मानसून
सोमवार को मध्य प्रदेश की सीमा में पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में अच्छी वर्षा की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, ग्वालियर, खजुराहो, सोनभद्र, गया से होकर गुजर रही है।
मानसून ने पूरे झारखंड को कवर कर लिया है
मानसून ने पूरे झारखंड को कवर कर लिया है, जिससे 18-19 जून को भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना है। रांची प्रशासन ने 19 जून को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। ओडिशा में भी भारी बारिश की सूचना है, जहां पिछले 24 घंटों में महत्वपूर्ण वर्षा हुई है।
पंजाब में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी
पंजाब में 21 से 23 जून तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बुधवार सुबह भी पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 जून तक राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।