2.8kViews
1206
Shares
लखनऊ
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सूरज की तपिश से जनजीवन बेहाल है। ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही हो। गुरुवार को लखनऊ का तापमान इस साल पहली बार 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड पहुंच गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
राजधानी का न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 31.2 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल, शुक्रवार को गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हालांकि, प्रदेश में शनिवार से प्री-मानसून दस्तक देगा।
पूर्वांचल से बारिश का दौर शुरू होगा। रविवार तक पूरे राज्य में बरसात होगी। अगले सप्ताह यानि सोमवार से प्रदेशभर में जमकर वर्षा के पूर्वानुमान हैं। इस बार सामान्य से अधिक बरसात की स्थिति बन रही है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में गुरुवार रात नाइट हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। दिन के साथ रात में भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। शनिवार को पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है, लेकिन उमस से राहत नहीं मिलेगी।
ज्यादातर क्षेत्रों में शुक्रवार को भी आर्द्रता का स्तर सामान्य से अधिक होने के कारण हीट वेव जैसी परिस्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 13 और 14 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें और लू चलने की संभावना है।
इस दौरान मेघगर्जन के साथ वज्रपात 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। गुरुवार को बांदा और उरई प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां दिन का पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा झांसी में अधिकतम तापमान 44.7 और आगरा व कानपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।