2.5kViews
1531
Shares
गोरखपुर
पत्नी मायके से जाने को तैयार नहीं हुई तो युवक पिपराइच कस्बे में स्थित मोबाइल फोन के टॉवर पर चढ़ गया। बात न मानने पर कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। करीब ढाई घंटे तक यह नाटकीय घटनाक्रम चला। पिपराइच थानेदार के समझाने पर युवक नीचे उतरा तो उसकी पत्नी को विदा कर दिया गया।
महराजगंज जिले के परतावल बाजार में रहने वाले अमरनाथ राजभर की ससुराल पिपराइच कस्बे में है। पत्नी आशा को मायके से वापस ले जाने के लिए शुक्रवार शाम को वह ससुराल पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि आशा एक सप्ताह पहले बिना बताए अपने मायके आ गई थी और अभी वापस जाने को तैयार नहीं थी। शनिवार की सुबह पत्नी से विवाद होने के बाद अमरनाथ उससे 500 रुपये लेकर घर जाने के लिए निकला लेकिन कस्बे में स्थित मोबाइल फोन के 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और काफी देर तक टाॅवर के नीचे सोया रहा। नशा कम होने पर वह करीब एक बजे दोपहर टाॅवर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ ही ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए।
पीआरवी पुलिस ने पहले युवक को पत्नी के फोन के माध्यम से समझाने का प्रयास किया। जब वह नहीं माना तो थानेदार पुरुषोत्तम आनंद सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को तीन बार फोन पर बात करके आश्वासन दिया कि उसकी पत्नी को विदा करा दिया जाएगा। इसके बाद अपराह्न 3:30 बजे अमरनाथ टाॅवर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने आशा को उसके घर भेज दिया।