2.6kViews
1788
Shares
दिल्ली
मैकेनिकों ने यमुनापार में सड़कों को ही अपना ऑटोमोबाइल वर्कशॉप बना लिया है। वे फुटपाथ पर औजार रखते हैं। सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। यह काम किसी एक सड़क पर नहीं, बल्कि कई इलाकों में हो रहा है। इन्हें कोई रोकता नहीं। इसका नतीजा यह है कि सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इनके कारण सड़कें संकरी होती जा रही हैं और हादसों की आशंका बढ़ रही है।
कोटला रोड पर दोनों तरफ हो रही वाहनों की मरम्मत
संजय झील से आगे कोटला रोड पर दोनों तरफ वाहनों की मरम्मत हो रही है। मैकेनिक सड़क पर ही यह काम करते हैं। उन्हें इस बात की जरा भी परवाह नहीं है कि इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। क्योंकि नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती। यहां दो दर्जन से अधिक मैकेनिक सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। ऑटो की पार्किंग भी परेशानी बन रही है।
झील खुरंजा में मैकेनिक बन रहे परेशानी
झील खुरंजा इलाके में सड़क से निकलना मुश्किल हो रहा है। यहां मैकेनिक दुकानों के सामने सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। कोई बाइक रिपेयर करता नजर आता है तो कोई कार कटिंग करता नजर आता है। सभी का कार्यस्थल सड़क पर ही है। पुलिस गश्त करती है, लेकिन किसी को रोकती नहीं। इसी तरह नगर निगम के अधिकारी भी खामोश हैं।
स्वामी दयानंद मार्क पर होती है वाहनों की रिपेयर
कृष्णा नगर के पास स्वामी दयानंद मार्ग पर वाहनों की रिपेयर होती है। रिपेयर के साथ-साथ इस मुख्य मार्ग पर डेंटिंग और पेंटिंग का काम भी होता है। मैकेनिक सड़क की एक लेन पर कब्जा जमाए रहते हैं। इससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है। यहां सर्विस रोड पर भी मैकेनिकों का कब्जा रहता है। इसी तरह अशोक नगर में भी मैकेनिक सड़क पर वाहनों की रिपेयर करते हैं। बैंक एन्क्लेव मिनी स्टेडियम के पास भी यही हो रहा है।