मध्य प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, 13 जिलों में बौछारें पड़ने के आसार; शाजापुर-बैतूल में पारा 10 डिग्री से नीचे

2.9kViews
1346 Shares

प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कमजोर पड़ने के बाद भी प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में उसका असर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को शहडोल संभाग में कई स्थानों पर बारिश हुई, जबकि रीवा और जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई। दूसरी ओर उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में रात की ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 13 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शेष संभागों के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर वर्षा हुई, जबकि रीवा और जबलपुर संभाग में कुछ स्थानों पर पानी गिरा। शुक्रवार को अमरकंटक में सर्वाधिक 26.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बालाघाट में 5.2, मंडला में 3.8, सिंगरौली में 2 और डिंडौरी में 1 मिलीमीटर वर्षा हुई।

शाजापुर में सबसे सर्द रात

प्रदेश में बारिश के बीच ठंड का असर भी तेज होने लगा है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात शाजापुर जिले का गिरवर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैतूल में रात का पारा 9.2 डिग्री रहा। मरुखेड़ा (नीमच), भोपाल और नौगांव (छतरपुर) में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रायसेन में 10.6 और धार में 10.9 डिग्री तापमान रहा।

वहीं दिन के तापमान में नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गिरवर में शीतल दिन की स्थिति रही।

भोपाल-इंदौर और उज्जैन में ठंडी हवाओं का असर

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के अनुसार उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के कारण वहां से लगातार सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं। इनके प्रभाव से भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में रात के तापमान में गिरावट आई है। शनिवार और रविवार को भी इन क्षेत्रों में ठंड का असर बना रह सकता है।

अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं, रात के पारे में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। उज्जैन संभाग में दिन का तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री तक कम रहा। इंदौर, ग्वालियर, चंबल, शहडोल और सागर संभागों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 से 2.2 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक बढ़ोतरी रीवा और शहडोल संभाग में देखने को मिली, जहां रात का पारा 5.3 से 8.4 डिग्री तक चढ़ा। जबलपुर और सागर संभाग में भी न्यूनतम तापमान 2.2 से 2.9 डिग्री तक बढ़ा। हालांकि भोपाल संभाग में रात का तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री तक कम रहा। इसके उलट शहडोल संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 8.9 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

दो दिन बाद मिल सकती है ठंड से राहत

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक चक्रवाती तूफान अकवान अब तेजी से कमजोर हो चुका है। इसके अवशेष का प्रभाव पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में ही बारिश के रूप में दिखाई दे सकता है। दूसरी ओर ईरान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने के बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे प्रदेश के उन इलाकों में रात की ठंड से आंशिक राहत मिल सकती है, जहां फिलहाल सर्द हवाओं का असर बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *