प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। इसे साबित कर दिखाया है बिल्हौर क्षेत्र के बरंडा गांव की बेटी डा. निशा कटियार ने। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में 20 नवंबर को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें आब्स एवं गायनी (प्रसूति एवं स्त्री रोग) में दो गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से गांव से लेकर पूरे बिल्हौर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डा. निशा की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी उन्हें दिल्ली सरकार की ओर से डा. ब्रिलियंट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनके पिता गिरीश चंद्र कटियार गोरखपुर स्थित डिवीजनल ट्रेनिंग सेंटर, होमगार्ड्स में डिवीजनल कमांडेंट हैं। छोटे भाई आकाश कटियार भी एमबीबीएस डाक्टर हैं, जबकि मां सीता कटियार अरौल स्थित एसआर मेमोरियल स्कूल की प्रबंधक हैं।
राष्ट्रपति के हाथों दो स्वर्ण पदक प्राप्त करने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई। डा. निशा की सफलता ने साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा और सफलता की नई मिसाल बन गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

