वाराणसी में आंकड़ों में खाद का लगा ढेर, केंद्रों पर मुरझा रहे किसानों के चेहरे

1635 Shares

 कृषि विभाग के पास खाद की उपलब्धता पर्याप्त है इसके बावजूद कई केंद्रों पर जिम्मेदारों की मनमानी का खामियाजा किसान उठा रहे हैं। सच कौन बोल रहा है? विभाग, जिसके पास लक्ष्य के सापेक्ष अभी भी 13000 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है या केंद्रों से लौट रहे वह किसान, जिनकी उम्मीद सहकारी समितियों के केंद्रों पर टूट रही हैं। जागरण ने जब काशी तथा आसपास के क्षेत्रों की पड़ताल की तो सच्चाई सामने आई।

चिरईगांव के 10 बी-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति) में किसी पर पोटाश नहीं तो जाल्हूपुर एवं छाही-गोपपुर पर डीएपी तक किसानों को नहीं मिल रहा है। हालांकि गोबरहां, छितौना, कमौली नेवादा,पांडेयपुर के बी-पैक्स पर डीएपी, यूरिया एवं बर्थराकला, नरायनपुर, छितौनी पर एनपीएस उपलब्ध है। एनपीके उर्वरक की उपलब्धता भी बी-पैक्सों पर नगण्य है। एडीओ सहकारिता दिलीप सोनकर के अनुसार जहां डीएपी नहीं है वहां जल्द पहुंचाएंगे

बड़ागांव क्षेत्र की 13 समितियों में से सात पर खाद नहीं है। छह समितियों पर खाद व व यूरिया उपलब्ध है। बड़ागांव समिति पर 12 टन खाद व 10 टन यूरिया मौजूद है। असवारी समिति पर खाद नहीं है लेकिन यूरिया 100 बोरी है। ठठरा व तडसडा पर खाद नदारद व यूरिया मौजूद है। बेलवा समिति पर भी खाद नही है और यूरिया 12 टन मौजूद है। कनियर में 12 टन, खरावन 200 बोरी, हरिनाथपुर 200 बोरी खाद व यूरिया है। बौलिया, दादुपुर समिति पर खाद नहीं है। पुरारघुनाथपुर 300 बोरी डाई व यूरिया है।

विराव कोट समिति पर 550 बोरी खाद है जबकि अनेई समिति पर खाद नहीं है लेकिन यूरिया 46 बोरी व एनपीएस तीन बोरी है। छह समितियों के प्रभारियों का दावा है कि जल्द ही उर्वरक आ जाएगा। काशी विद्यापीठ ब्लाक के बीपैक्स विशुनपुर, केसरीपुर व कोरौता गोपालपुर पर दो दिन से खाद व यूरिया दोनों नहीं है। किसान, समितियो॔ से लौटने के लिए मजबूर हैं। किसान श्रीप्रकाश शर्मा व कामेश्वर सिंह गुरुवार को निराश होकर लौट गए। विशुनपुर बीपैक्स के सचिव रमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि डिमांड सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक कार्यालय को भेजी गयी है।

मिर्जामुराद, सेवापुरी, चौबेपुर व चोलापुर में समस्या नहीं
मिर्जामुराद के बी-पैक्स पर खाद की किल्लत नही हैं। सेवापुरी के कपसेठी स्थित बीपैक्स पर भी खाद की किल्लत नही हैं। चौबेपुर समिति पर भी वितरण हो रहा है। चोलापुर में खाद की कोई समस्या नहीं है। गुरुवार को लगभग 90 किसानों को डीएपी व यूरिया मिला।

सचिवों के आंदोलन के कारण आई दिक्कत
चोलापुर समिति के सचिव जितेंद्र यादव के अनुसार समस्त सचिव मानदेय की मांग को लेकर लखनऊ में आंदोलनरत थे। 20 नवंबर तक मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिला है। डीएपी पांच टन, यूरिया 12 टन उपलब्ध है और डिमांड की गई है।

समितियों पर खाद की कोई नहीं है। वितरण लगातार हो रहा है। खत्म होने पर सचिव डिमांड करते हैं और उसे उपलब्ध कराया जाता है। जिला प्रबंधक से रिपोर्ट ली जा रही है। यदि कमी है तो जल्द ही समितियों पर खाद भेजा जाएगा। – सुरेन्द्र कुमार मौर्य एआर कोआपरेटिव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *