बांदा में दो करोड़ से की लागत से बनेंगे अत्याधुनिक स्वास्थ्य उपकेंद्र, लोगों को मिलेंगी बेहतरीन सुविधाएं

3.1kViews
1130 Shares

जिले की पांच ग्राम पंचायतों में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं आरोग्य केंद्रों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर 41.19 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।

जिला पंचायत के माध्यम से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य के लिए जिले के विभिन्न ब्लाकों की पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें विकास खंड नरैनी की ग्राम पंचायत बहादुरपुर कालिंजर और बिल्हरका, बिसंडा ब्लाक की सिंहपुर, बड़ोखर खुर्द ब्लॉक की त्रिवेनी तथा कमासिन विकास खंड की ग्राम पंचायत बछौंधा सानी शामिल हैं।

इन गांवों में स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से आसपास के दर्जनों मजरों और गांवों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। योगी सरकार के निर्देशों के क्रम में इन विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जिला पंचायत की ओर से इन सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण कार्य महज छह माह के रिकार्ड समय में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिलना शुरू हो सके।

इन आरोग्य केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए अब दूर-दराज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की नियमित स्क्रीनिंग, उचित स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाओं की निश्शुल्क सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके आलावा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, नवजात शिशुओं के टीकाकरण और संपूर्ण मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी अब महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही सुलभ हो सकेगा। सीएमओ बिजेंद्र सिंह ने बताया कि परियोजनाओं को धरातल पर लाने के लिए लगातार निरीक्षण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *