आर्किड का पसंदीदा आशियाना बने उत्तराखंड के बांज-बुरांश के जंगल, चमोली में मिलीं 127 प्रजातियां
बांज के जंगल सिर्फ वन संपदा के लिए ही नहीं बल्कि दुर्लभ आर्किड (फूल) प्रजातियों के प्राकृतिक आवास के लिए भी महत्वपूर्ण है।
चमोली जिले में आर्किड प्रजातियों पर किए गए अध्ययन में सामने आया है कि बांज और बुरांश के मिश्रित वन भी इनके लिए काफी अहम हैं। इन वन क्षेत्रों में पाई जाने वाली नमी, छायादार स्थान, घास वाली ढलान और पत्तियों से बनी जैविक परत आर्किड के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराती हैं।
इसमें सामने आया है कि चमोली जिले में आर्किड की कुल 127 प्रजातियां मिलीं हैं। यही नहीं जिले में आर्किड की 15 नई प्रजातियां भी मिलीं हैं। अध्ययन में सामने आया कि बांज के जंगलों में सर्वाधिक 49, बांज और बुरांश मिश्रित वनों में 33, अल्पाइन घास के मैदानों में 24, चीड़ के जंगलों में 16 और ठंडे रेगिस्तानी क्षेत्रों में पांच आर्किड प्रजातियां मिलीं हैं।
शोध में यह भी सामने आया कि चमोली में आर्किड की 80 प्रजातियां जमीन पर, 32 पेड़ों पर उगने वाली और 15 मृत जैविक पदार्थों से पोषण लेने वाली मिलीं। पेड़ों की बात करें तो 32 में से सबसे ज्यादा 18 प्रजातियां बांज के पेड़ों पर ही मिलीं।
पिथौरागढ़ की तरह ही समृद्ध है चमोली
चमोली भी पिथौरागढ़ जिले की तरह आर्किड प्रजातियों के लिए समृद्ध विविधता लिए हुए है। उत्तराखंड में पाई जाने वाली कुल 244 प्रजातियों में से पिथौरागढ़ और चमोली में 127-127 प्रजातियां मिलती हैं। चमोली में सिमबिड्यीम लेंसिफोल्यम, वांडा क्रिस्टाटा, हेमिपिलिया सेकेंडीफ्लोरा, प्लैटैंथेरा जापोनिका समेत अन्य आर्किड प्रजातियां मिलीं।
आर्किड का होना स्वस्थ जंगल का संकेत
प्रदेश में पाई जाने वाली आर्किड प्रजातियों में से 52 प्रतिशत का चमोली में मिलना इस बात का संकेतक है कि यहां के जंगल स्वस्थ हैं। क्योंकि आबोहवा में बदलाव, वनों के दोहन, वनाग्नि के प्रति आर्किड अत्यंत संवेदनशील होते हैं।
इसी तरह आर्किड के फूल मधुमक्खियों, तितलियों, मक्खियों और कुछ अन्य कीटों को आकर्षित करते हैं। इस तरह वे परागण से जुड़े प्राकृतिक संबंधों को बनाने में योगदान देते हैं।
सजावट और औषधि में होता है इस्तेमाल
आर्किड की खासियत यह है कि इसका फूल कुछ सप्ताह से लेकर करीब छह महीने तक ये खिलने की क्षमता रखता है। इस वजह से यह सजावट में काफी इस्तेमाल होता है। इसी तरह इसका औषधि में भी इस्तेमाल होता है।
चमोली में मिलने वाले दुर्लभ सालम पंजा कफ की दवा, हड्डी जोड़ने की दवा बनाने के काम आता है। इसी तरह च्यवनप्राश बनाने में इस्तेमाल होने वाली चार आर्किड प्रजाति जीवक, जीवक, ऋषभक, रिद्धि और वृद्धि भी चमोली में मिलती है।
शोधकर्ता मनोज सिंह ने बताया कि शोध में सीसीएफ डा. विनय भार्गव और डीएफओ विवेक तिवारी का भी सहयोग मिला।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

