‘J&K के मुद्दे वॉशिंगटन नहीं, केंद्र सुलझाएगा’, अमेरिकी दूत से मुलाकात से पहले उमर बोले- शिकायत नहीं, चर्चा होगी

6.2kViews
1883 Shares

 अमेरिकी दूत सर्जियो गोर आज जम्मू-कश्मीर के अपने पहले दौरे पर पहुंचने वाले हैं। श्रीनगर में उनकी मुलाकात उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से होने वाली है। इस पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों का समाधान केंद्र सरकार को करना है, वॉशिंगटन को नहीं। उन्होंने निर्धारित मुलाकात के दौरान अमेरिकी राजदूत के सामने किसी तरह की शिकायत रखने की संभावना से इनकार किया।

सीएम उमर ने कहा कि वह अमेरिकी दूत के साथ जम्मू-कश्मीर और क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा करेंगे, लेकिन न तो कोई शिकायत करेंगे और न ही उनसे इन मुद्दों का समाधान मांगेंगे।

‘मैं उन्हें अधिक सुनना पसंद करूंगा’

सीएम ने कहा कि राजदूत के साथ यह मुलाकात लंबे अंतराल के बाद हो रही है और वह इस बातचीत को लेकर उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें अधिक सुनना पसंद करूंगा, लेकिन वह भी सुनने के लिए आ रहे हैं। देखते हैं कि किस तरह की चर्चा होती है।’

\विकास परियोजनाओं की रफ्तार पर उमर की नजर

मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह श्रीनगर का दौरा किया, जिसके दौरान उन्होंने कई विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान जिन अधिकांश परियोजनाओं की समीक्षा की गई, उनकी प्रगति संतोषजनक है, जबकि कुछ परियोजनाओं को प्रशासन की ओर से अतिरिक्त प्रयास की आवश्यकता है।

नियुक्तियों में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उमर ने दिया जवाब

इस बीच, भाजपा द्वारा नियुक्तियों में भ्रष्टाचार के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उमर ने कहा कि पुलिस, क्राइम ब्रांच और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उनके नियंत्रण में नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘यदि वास्तव में भ्रष्टाचार हुआ है, तो इसकी जांच होनी चाहिए, मामला दर्ज किया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *