हिमाचल राज्य महिला आयोग की बड़ी पहल! दिसंबर में चंबा, कांगड़ा व शिमला में कोर्ट लगाकर सुलझाए जाएंगे महिलाओं के विवाद

1695 Shares

 हिमाचल प्रदेश में महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से दिसंबर में महिला आयोग का कोर्ट लगाया जाएगा। इसके लिए आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने बताया कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चलते फिलहाल कोर्ट लगाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही है। सत्र समाप्त होने के बाद आयोग की ओर से कोर्ट लगाने का कार्यक्रम तय किया जाएगा। पहले चंबा और कांगड़ा में कोर्ट लगाया जाएगा। इसके बाद शिमला में महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई होगी। दिसंबर में इन कोर्ट के आयोजन की योजना है।

महिला आयोग के कोर्ट में महिलाओं की ओर से दर्ज करवाई शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। इनमें घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मामले शामिल हो सकते हैं। आयोग का प्रयास रहता है कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और संबंधित पक्षों को एक मंच पर बुलाकर मामलों का समाधान करवाया जा सके।

आयोग की ओर से ऐसे मामलों में दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए बुलाया जाता है और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाता है। गंभीर मामलों में संबंधित विभागों से भी जानकारी ली जाती है। महिला आयोग का कोर्ट लगने से दूरदराज के क्षेत्रों की महिलाओं को अपनी शिकायत रखने और समाधान पाने का अवसर मिलेगा। विधानसभा सत्र के बाद तारीखें तय कर इसकी सूचना संबंधित क्षेत्रों में दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *