दरभंगा के 62 किलो चांदी लूटकांड में एक और गिरफ्तारी, घर से चांदी के बिस्कुट पिस्टल बरामद

5.3kViews
1774 Shares

 जिले में 62 किलो चांदी लूटकांड की जांच में पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिमरी थाना पुलिस ने गुरुवार की अहले सुबह करीब चार बजे माधोपुर गांव के वार्ड संख्या-13 में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया।

उसकी पहचान इंद्रकांत मिश्रा के पुत्र गौतम मिश्रा (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से चांदी की एक ईंट, दो चांदी के बिस्कुट, करीब 3.50 लाख रुपये नकद और नाइन एमएम की एक पिस्टल समेत तीन कारतूस बरामद किए हैं।

वहीं, बनौली गांव निवासी स्वर्गीय प्रहलाद महतो के पुत्र बबलू महतो (28) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर गौतम मिश्रा तक पहुंची। छापेमारी में चांदी और नकदी के अलावा हथियार मिलने से पुलिस लूटकांड के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

बताया जाता है कि दोनों युवकों के पूर्व में शराब बेचने के मामले में जेल जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की है।

सदर एसडीपीओ-2 एसके सुमन के नेतृत्व में पुलिस की छापेमारी जारी है। अनुसंधान आगे बढ़ने के साथ ही लूटकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिल रहे हैं।

पुलिस लूट की साजिश में शामिल लोगों से लेकर लूटे गए चांदी के बिस्कुट की बरामदगी तक सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

दो बाइक से घेरकर की थी फायरिंग

बताते चलें कि सात नवंबर की रात शोभन-एकमी बाईपास पर दरभंगा एम्स के समीप बदमाशों ने पश्चिम बंगाल नंबर की डस्टर कार को दो बाइक से घेर लिया था।

इसके बाद बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें कार चालक सह पार्टनर कौशिक के हाथ में गोली लगी थी। बदमाश चांदी के बिस्कुट से भरा बैग और बोरा समेत नकदी लूटकर फरार हो गए थे।

भाजपा नेता समेत पांच की हो चुकी गिरफ्तारी

मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पहले भाजपा के विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 62 किलो 40 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच मोबाइल और दो कार बरामद की गई थीं।

इसके अगले दिन पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के उदयचौक निवासी मैदुल मलिक (39) और गरबेता थाना क्षेत्र के अवुसाबंदी निवासी कौशिक पालुई (22) को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने डस्टर कार भी जब्त की थी।

लगातार हो रही गिरफ्तारियों के साथ ही इस लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने लगी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात की साजिश में कौन-कौन शामिल था और लूटी गई चांदी का कितना हिस्सा अब तक बरामद किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *